---Advertisement---

केदारनाथ यात्रा में बड़ा संकट, भारी बारिश के बाद रास्ते में फंसे हजारों श्रद्धालु

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर हुई तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। सोनप्रयाग–गौरीकुंड मार्ग पर भारी वर्षा के चलते तीन अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन होने से यात्रा अस्थायी रूप से बाधित हो गई। अचानक बिगड़े मौसम के कारण हजारों श्रद्धालु रास्ते में फंस गए, जिसके बाद जिला प्रशासन, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

प्रशासन के अनुसार 19 मई तक करीब 6 लाख 94 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। भारी संख्या में यात्रियों की मौजूदगी के बीच मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हालात की लगातार निगरानी की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद राहत टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 30 मिनट के भीतर पैदल यात्रियों के लिए मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया। इसके बाद पूरी रात रेस्क्यू अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। प्रशासन की ओर से यात्रियों को भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

बाद में जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग पर जमा मलबे को हटाया गया और यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुचारु कर दिया गया। प्रशासन की तत्परता और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय के चलते बड़ा हादसा टल गया। अधिकारियों ने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

फिलहाल केदारनाथ यात्रा सामान्य रूप से जारी है, लेकिन मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन लगातार सतर्क बना हुआ है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---