---Advertisement---

देहरादून में 40 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान, हीट वेव को लेकर प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि कई मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, शिक्षा, श्रम और आपदा प्रबंधन विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

प्रशासन के अनुसार जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ORS, IV फ्लूइड, दवाइयों और हीट स्ट्रोक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर निकायों को बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और बाजारों जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, वाटर टैंकर और छायादार स्थान उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए गए हैं।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने और जल संस्थान को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के लिए सुबह और शाम के समय काम कराने तथा पर्याप्त पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---