रामगढ़ के सुकरीगढ़ा स्थित डॉ० एस० राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में रविवार को साइबर सिक्योरिटी सेल से जुड़े वेल्यू एडेड कोर्स के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रोशन पाथवे टू डिग्निटी फाउंडेशन, रांची और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें बीएड प्रशिक्षुओं को साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महाविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं का स्वागत अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोशन पाथवे टू डिग्निटी फाउंडेशन के निदेशक डॉ० आशीष कुमार, महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डॉ० संजय प्रभाकर, प्राचार्य डॉ० सुशील कुमार उपाध्याय तथा आईक्यूएसी समन्वयक बाबूचंद प्रसाद मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और डिजिटल युग में सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं को बारी-बारी से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यार्थियों में प्रमाण पत्र प्राप्त करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा का ज्ञान बेहद आवश्यक हो गया है और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में मददगार साबित होते हैं।
महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में मो० परवेज अख्तर, नयन कुमार मिश्रा, डॉ० अशोक राम, श्रीमती सुप्रिया बर्मन, मुरारी कुमार दुबे एवं वरुण कुमार सहित अन्य शिक्षक और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।








