---Advertisement---

परिवार गया था रिश्तेदारों के घर, पीछे से चोरों ने साफ कर दिया पूरा मकान

Lalkuan के बिंदुखत्ता क्षेत्र स्थित चित्रकूट तिवारीनगर में दिनदहाड़े हुई चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। चोरों ने मर्चेंट नेवी में कार्यरत खड़क सिंह कोठारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार घटना के समय खड़क सिंह कोठारी की पत्नी चन्द्रा कोठारी अपने दोनों बच्चों के साथ घोड़ानाला स्थित सास-ससुर के घर गई हुई थीं। शाम करीब चार बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे कीमती जेवरात तथा नगदी गायब थी।

पीड़िता के मुताबिक चोर करीब 12 तोला सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें मंगलसूत्र, सोने की चैन, अंगूठियां, कर्णफूल, मांग टीका समेत अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 16 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

Brajmohan Singh Rana ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसओजी की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---