---Advertisement---

25 साल बाद भी सम्मान नहीं! आंदोलनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

रामगढ़। Jharkhand Andolankari Adhikar Manch की रामगढ़ इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक कुजू दक्षिणी पंचायत भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामबृक्ष बेदिया ने की, जबकि संचालन जय नंदन गोप ने किया। बैठक में मंच के केंद्रीय सदस्य बद्री सिंह सहित बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आंदोलनकारियों की लंबित समस्याओं को लेकर गहन चर्चा की गई और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के 25 वर्ष बीत जाने के बावजूद आंदोलनकारियों को आज तक उचित सम्मान और अधिकार नहीं मिल पाया है। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन आंदोलनकारियों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। विशेष रूप से रामगढ़ जिले में झारखंड सरकार की घोषणा के बावजूद आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र जारी नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई।

आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि चिन्हित आंदोलनकारियों की बकाया राशि का भुगतान अब तक नहीं हुआ है और पेंशन भी नियमित रूप से नहीं मिल रही है। इसके अलावा कई प्रखंडों में परिचय पत्र जारी करने के नाम पर आंदोलनकारियों से पैसे मांगे जा रहे हैं। पतरातू प्रखंड का उदाहरण देते हुए कहा गया कि अंचल कार्यालय द्वारा कार्ड बनवाने के लिए स्वयं खर्च करने को कहा गया, लेकिन आज तक पहचान पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इन सभी समस्याओं को लेकर आगामी 25 मई 2026 को रामगढ़ जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलनकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त को मांग पत्र भी सौंपेगा। मंच ने स्पष्ट किया कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आगे आंदोलनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा।

बैठक में लाली बेदिया, जोधन मांझी, लक्ष्मण सोनी, लालचंद बेदिया, बैधनाथ बेदिया, कारीनाथ मुंडा, छोटन मुंडा, बासुदेव महतो, रोहित बेदिया, बबलू राम, सुखदेव गंझू सहित कई आंदोलनकारी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---