मांडू (रामगढ़)। Mandu प्रखंड के ग्राम पुंडी बस्ती में आगामी 17 मई को आयोजित होने वाले मंडा पूजा महोत्सव को लेकर ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता Nageshwar Mahto ने की। इसमें बसोदी, भूताही, पुंडी और बोंगहरा गांव के ग्रामीण, नौजवान और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंडा पूजा को श्रद्धा, आस्था और सौहार्दपूर्ण वातावरण में धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए पूजा समिति का गठन भी किया गया।
अध्यक्ष नागेश्वर महतो ने बताया कि मंडा पूजा क्षेत्र की पारंपरिक और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस पूजा में गांव के नायिका और नया विधि-विधान तथा मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना और आरती कराते हैं। पूजा के दूसरे दिन श्रद्धालु भक्त कठिन धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं। परंपरा के अनुसार श्रद्धालु अपने शरीर में रस्सी और हुक बांधकर लगभग 20 फीट ऊंचे झूले में झूलते हैं और जलते हुए कोयले पर नंगे पैर चलकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।
इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे पहुंचते हैं। मेले में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन, मिठाइयां और स्थानीय दुकानों का भी विशेष आकर्षण रहता है। ग्रामीणों का मानना है कि मंडा पूजा सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम है।
बैठक में पूजा समिति का गठन करते हुए नागेश्वर प्रसाद महतो को अध्यक्ष, लालचंद महतो को उपाध्यक्ष, बालचंद महतो को कोषाध्यक्ष और जागेश्वर महतो को सचिव बनाया गया। इसके अलावा कमल महतो, सागर महतो, पटेल महतो, राजेंद्र महतो, भीम महतो, रवि कुमार महतो और अन्य ग्रामीणों को भी समिति में जिम्मेदारी सौंपी गई।








