देहरादून। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद चारधाम यात्रा मार्गों पर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मंगलवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। विभाग ने 13 मई को भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठंड फिर बढ़ने के आसार हैं।
राजधानी देहरादून में सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। धूप नहीं निकलने और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना होने के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज बारिश और अंधड़ की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 14 मई को पर्वतीय जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कों के बाधित होने की आशंका जताई है। खासकर चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तराखंड के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।








