देहरादून। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देहरादून पुलिस जल्द ही 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित करेगी। इस पहल के तहत छात्रों को ट्रैफिक नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
यह निर्णय मंगलवार को उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधिमंडल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के बीच हुई बैठक के दौरान लिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी के नेतृत्व में एसएसपी से शिष्टाचार भेंट कर यातायात जागरूकता अभियान को और मजबूत बनाने का सुझाव दिया।
बैठक में यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बच्चों और युवाओं को प्रारंभिक स्तर से ही ट्रैफिक नियमों की जानकारी देना बेहद जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि छात्र यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जिम्मेदार बन सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सड़कों पर अक्सर लोग गलत दिशा में वाहन चलाकर यातायात बाधित करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की आवश्यकता है। यूनियन ने महिलाओं के लिए भी विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की, क्योंकि बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होती हैं।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस इस दिशा में ठोस पहल करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए आयोजित होने वाली कार्यशालाओं में ट्रैफिक नियमों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।
बैठक में प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, संगठन मंत्री इंद्रेश कोहली, संयुक्त मंत्री राजकिशोर तिवारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी संजय किमोठी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।








