---Advertisement---

आधुनिक शिक्षा की नई तस्वीर! व्याख्यान श्रृंखला में छात्रों को बताए गए डिजिटल लर्निंग के बड़े फायदे

रामगढ़ स्थित डॉ० एस० राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित तीन दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के द्वितीय दिवस का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के आईक्यूएसी (IQAC) के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें “डिजिटल एवं आधुनिक शिक्षा” विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों, प्रशिक्षुओं और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में डॉ० अरुण कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। वे यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूसीईटी), विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष और विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य भी हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद मुख्य वक्ता का अंगवस्त्र, पौधा और स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक मोहम्मद परवेज अख्तर ने दिया। उन्होंने वर्तमान समय में डिजिटल शिक्षा के बढ़ते महत्व और तकनीकी नवाचारों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

अपने व्याख्यान में डॉ० अरुण कुमार मिश्रा ने शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, ऑनलाइन शिक्षण की चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा की। साथ ही शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और ब्लेंडेड लर्निंग अप्रोच के महत्व पर भी अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में शिक्षा व्यवस्था तेजी से डिजिटल माध्यमों की ओर बढ़ रही है। ऐसे में शिक्षकों और छात्रों दोनों को नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षण प्रणाली में डिजिटल तकनीकों के सही और प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे। मंच संचालन श्री नयन कुमार मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आईक्यूएसी प्रभारी बाबूचंद प्रसाद द्वारा प्रस्तुत किया गया।

महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार व्याख्यान श्रृंखला के आगामी दिनों में भी विभिन्न शैक्षणिक और समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञों के व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---