रजरप्पा खुली खदान परियोजना में डीजल चोरी और सुरक्षाकर्मियों को जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को देखते हुए सीसीएल प्रबंधन ने रजरप्पा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीसीएल प्रबंधन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में भुचुंगडीह निवासी अस्फाक अंसारी, असरूद्दीन अंसारी, इफ्तेकार समेत 12 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर संगठित तरीके से डीजल चोरी करने, सुरक्षा कार्य में बाधा पहुंचाने और सुरक्षाकर्मियों को धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
सीसीएल के सुरक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन आरोपियों और उनके गिरोह के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बावजूद अपराधी लगातार सक्रिय हैं और सुनियोजित तरीके से डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार कार्रवाई के बाद भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा चुनौती लगातार बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार 06 मई 2026 की रात रजरप्पा परियोजना के सेक्शन-2 में डीजल चोरी की सूचना मिलने पर सीसीएल सुरक्षा टीम और रजरप्पा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि अभियान के बाद मामला और गंभीर तब हो गया, जब सुरक्षा विभाग में तैनात गृहरक्षक जवान अभिषेक कुमार सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया जा रहा है कि जवान को फोन कर कहा गया, “जहां देखेंगे गोली मार देंगे।” इस धमकी के बाद सुरक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जवान द्वारा इसकी लिखित शिकायत रजरप्पा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रजरप्पा क्षेत्र में लंबे समय से डीजल चोरी का अवैध कारोबार चल रहा है। कई बार कार्रवाई होने के बावजूद इस पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। ऐसे में अब सुरक्षाकर्मियों को खुली धमकी मिलने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।








