पौड़ी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला संपर्क केंद्र, सहायता केंद्र और नियंत्रण कक्ष में तैनात कार्मिकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एनआईसी कक्ष में किया गया, जहां सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने कर्मचारियों को कार्यक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं।
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, आवश्यक दस्तावेज और मतदाता पंजीकरण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को समय-सीमा, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सहायता केंद्रों पर मतदाताओं को गणना एवं नामावली प्रपत्र ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भरने और जमा करने में मदद दी जा रही है। इसके अलावा पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण अभिलेखों से रिकॉर्ड खोजने और जोड़ने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट किया जा सके।
प्रशासन ने प्रवासी मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान और पूर्व विधानसभा क्षेत्रों की पहचान कर प्रवासी मतदाताओं को सही स्थान पर पंजीकरण कराने में सहयोग दिया जाएगा। इससे ऐसे मतदाताओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है, जो स्थान परिवर्तन के कारण मतदान सूची में नाम जुड़वाने में परेशानी महसूस करते थे।
बैठक में निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप की जानकारी भी साझा की गई, ताकि मतदाता डिजिटल माध्यमों से भी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर जिला संपर्क केंद्र-1950 एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजेश कोहली, मदन सेमवाल, राजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।








