देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में एक अनोखी शिक्षा पहल के तहत व्यो स्कूल ऑफ इनफिनिट लर्निंग का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रकृति की गोद में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में शिक्षा के पारंपरिक तरीकों से हटकर एक नए और अभिनव लर्निंग मॉडल की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में अभिभावकों, बच्चों और विशेष अतिथियों ने भाग लेकर इस अनूठे अनुभव को महसूस किया।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रणवीर सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि शुभम चंदेल उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर स्कूल की औपचारिक शुरुआत की और संस्थापकों को इस नई पहल के लिए बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रकृति के बीच बच्चों के भविष्य को संवारने का यह प्रयास सराहनीय है।
यह स्कूल पारंपरिक क्लासरूम सिस्टम से अलग हटकर बच्चों को ‘फॉरेस्ट लैब’ के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करता है। यहां बच्चे किताबों के साथ-साथ प्रकृति के वास्तविक अनुभवों से ज्ञान अर्जित करेंगे। जीवन चक्र, पौधों की देखभाल, प्रकाश संश्लेषण (फोटोसिंथेसिस) जैसी प्रक्रियाओं को बच्चे प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।
स्कूल का उद्देश्य बच्चों में न केवल बौद्धिक विकास करना है, बल्कि उन्हें प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ना भी है। इस पहल के जरिए बच्चों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्कूल से जुड़े कई सदस्य और अतिथि भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस नए शैक्षिक मॉडल की सराहना की। आयोजकों का मानना है कि इस तरह की पहल भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकती है।








