अर्थ डे के अवसर पर देहरादून में स्कूली बच्चों को आपदा के समय सुरक्षित रहने के तरीके सिखाने के लिए एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के शिक्षकों ने देहरा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को क्लाउड बर्स्ट जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस सत्र में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के महत्व, सतर्कता बरतने के उपाय और आपातकालीन स्थिति में सही निर्णय लेने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान इंटरएक्टिव सत्र और लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से छात्रों को बताया गया कि क्लाउड बर्स्ट क्या होता है, इसके क्या कारण होते हैं और इसका प्रभाव किस तरह से जीवन व पर्यावरण पर पड़ता है।
विशेषज्ञों ने छात्रों को यह भी समझाया कि आपदा के समय घबराने के बजाय शांत रहकर सही कदम उठाना कितना जरूरी होता है। उन्हें सुरक्षित स्थानों की पहचान, प्राथमिक उपचार, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह जागरूकता कार्यक्रम डिजास्टर एसोसिएटेड रिस्क रिडक्शन क्लब और इंडियन नॉलेज सिस्टम के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया। इस दौरान एनवायरनमेंट डिपार्टमेंट की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा नैथानी के साथ डॉ. अर्चना बच्चेती, डॉ. दीप्ति सिंह वशिष्ठ, डॉ. रेखा गोस्वामी और डॉ. स्वाति सिंह सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर ही आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना और उन्हें ऐसी परिस्थितियों में खुद को सुरक्षित रखने के लिए तैयार करना था। इस पहल से छात्रों में जागरूकता बढ़ी और उन्होंने आपदा के समय अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों को व्यवहारिक रूप से समझा।








