---Advertisement---

मसूरी में तूफान का तांडव! BSNL ऑफिस की छत उड़ी, पेड़ गिरने से मचा हड़कंप

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने, भवनों को नुकसान पहुंचने और सड़कों के बाधित होने की घटनाएं सामने आईं। सबसे बड़ा हादसा माल रोड स्थित बीएसएनएल कार्यालय में हुआ, जहां तेज तूफान के कारण कार्यालय की टिन की छत उड़कर मुख्य सड़क पर जा गिरी। राहत की बात यह रही कि उस समय सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

तूफान के दौरान बीएसएनएल कार्यालय परिसर के पास खड़ा एक विशाल पेड़ भी टूटकर भवन पर गिर पड़ा। वहीं कैमल बैक रोड क्षेत्र में रघुवीर निवास के पास एक बड़ा पेड़ मकान पर गिर गया। उस समय घर के अंदर परिवार मौजूद था, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इसके अलावा दुग्गल विला, हुसैनगंज, तिलक रोड और अन्य क्षेत्रों में भी पेड़ गिरने और संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।

तेज बारिश और आंधी के चलते मसूरी में बिजली, पेयजल और संचार सेवाएं भी प्रभावित हो गईं। कई इलाकों में रातभर अंधेरा छाया रहा और लोग दहशत में जागते रहे। सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने अधिकारियों और सभासदों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सूखे और खतरनाक पेड़ों को हटाने की मांग की जा रही थी, लेकिन वन विभाग ने इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से संयुक्त अभियान चलाकर जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग की है। नगर पालिका और प्रशासन की टीमें देर रात तक गिरे पेड़ों और मलबे को हटाने में जुटी रहीं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी तेज बारिश और तूफान की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---