---Advertisement---

स्कूलों में शुरू हुआ खास अभियान! किशोरियों को मिलेगा मुफ्त कैंसर से बचाव

देहरादून। किशोरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए देहरादून में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के निर्देश पर प्रतिरक्षण प्रकोष्ठ की टीम स्कूलों में जाकर छात्राओं को इस गंभीर बीमारी और उसके बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दे रही है।

यह अभियान विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए चलाया जा रहा है, जो एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण की पात्र हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं।

इन कार्यशालाओं में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर रोड, सेंट एग्नेस इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बन्नू इंटर कॉलेज, नेशविला रोड, राजकीय इंटर कॉलेज पटेलनगर, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल और डीएवी पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थानों की 900 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे मुफ्त एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर भी जोर दिया गया।

छात्राओं को बताया गया कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर सकता है। इसके लिए जिला चिकित्सालय गांधी शताब्दी में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे किशोरियों को इस टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। साथ ही किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---