सतपुली (पौड़ी)। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर राजकीय कन्या विद्यालय परिसर, सतपुली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जन सुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। शिविर में चार दिव्यांगजनों को विकलांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि शिकायत काउंटर पर 42 शिकायतें और 91 मांग पत्र प्राप्त हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि सतपुली नगर पंचायत क्षेत्र में नयार नदी पर 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित सतपुली झील परियोजना क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक झील नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली महत्वाकांक्षी योजना है। परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके पूरा होने के बाद सतपुली उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा।
महाराज ने बताया कि झील बनने से भू-जल स्तर में सुधार होगा, सिंचाई और पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी तथा नयार नदी के जल प्रवाह को नियंत्रित कर बरसात के दौरान बाढ़ जैसी आपदाओं के खतरे को कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सतपुली को साहसिक पर्यटन और झील पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। झील में बोटिंग, कयाकिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियों के संचालन से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने क्षेत्र में चल रही अन्य विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि गुमखाल से सतपुली तक लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। वहीं 47 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से गुजरखण्ड पम्पिंग पेयजल योजना और सतपुली नगरीय पम्पिंग योजना को स्वीकृति मिली है, जिससे 40 से अधिक गांवों और पूरे सतपुली नगर क्षेत्र को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
सतपाल महाराज ने बताया कि 22 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से चार मोटर मार्गों को स्वीकृति दी गई है, जबकि 12 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से 26 किलोमीटर लंबाई के आठ मोटर मार्गों का निर्माण और डामरीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा पर्यटन आवास गृह, कार पार्किंग और रैन बसेरा निर्माण के लिए 8 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सतपुली में निरीक्षण भवन और डॉरमेट्री निर्माण के लिए 2 करोड़ 47 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। नगर पंचायत कार्यालय भवन, बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सुलभ शौचालय और कार पार्किंग का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इसके साथ ही पूर्वी नयार नदी पर दो मोटर पुलों का निर्माण भी सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत और जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। कार्यक्रम में संस्कृति विभाग और स्थानीय कलाकारों द्वारा गढ़वाली लोकगीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।








