---Advertisement---

रामगढ़ डीएसओ रंजीता टोप्पो की विदाई में छलके जज्बात, मंच से हुई भावुक अपील

 गोला। गोला स्थित द्वारिका पैलेस में शुक्रवार को जिला आपूर्ति विभाग से जुड़े अधिकारियों, पैक्स अध्यक्षों और सामाजिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रामगढ़ की निवर्तमान जिला आपूर्ति पदाधिकारी (डीएसओ) रंजीता टोप्पो को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवपदस्थापित प्रभारी डीएसओ निशा सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पैक्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष कमाल शहजादा ने की, जबकि संचालन बोरोबिंग पैक्स अध्यक्ष युगेश महतो ने किया। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने रंजीता टोप्पो के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक कुशल, संवेदनशील और कर्मठ अधिकारी बताया।

जिलाध्यक्ष कमाल शहजादा ने कहा कि रंजीता टोप्पो के कार्यकाल में जिले के पैक्सों में धान अधिप्राप्ति कार्य काफी बेहतर तरीके से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सभी पैक्स अध्यक्षों और विभागीय कर्मियों को उनका पूरा सहयोग मिला, जिसके कारण कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आई।

अपने संबोधन में रंजीता टोप्पो काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिले से उनका रिश्ता हमेशा परिवार जैसा रहा है। उन्होंने कहा कि विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन के दौरान यदि कभी किसी को कुछ कहा गया हो तो वह केवल कर्तव्य का हिस्सा था। उन्होंने सभी से नई डीएसओ निशा सिंह को भी इसी तरह सहयोग देने की अपील की।

वहीं नवपदस्थापित प्रभारी डीएसओ निशा सिंह ने कहा कि उन्हें रंजीता टोप्पो के साथ पहले भी कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि रंजीता टोप्पो ने अपने कुशल नेतृत्व और मानवीय व्यवहार से हर जगह अलग पहचान बनाई है। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से उन्हें काफी सीखने को मिला।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुष्पगुच्छ, शॉल और उपहार देकर रंजीता टोप्पो को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन कुंज बिहारी राइस मिल लारी के प्रोपराइटर विनय अग्रवाल और पनाश राइस मिल रामगढ़ के प्रोपराइटर आनंद प्रकाश ने किया। समारोह में कई पैक्स अध्यक्ष, विभागीय अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---