---Advertisement---

उत्तराखंड में चाय क्रांति की तैयारी! असम दौरे पर निकले मंत्री गणेश जोशी

देहरादून। उत्तराखंड में चाय उत्पादन और उसके बेहतर विपणन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से राज्य के कृषि मंत्री गणेश जोशी पांच दिवसीय दौरे पर असम रवाना हुए हैं। इस दौरे का मकसद देश के प्रमुख चाय उत्पादक राज्य से अनुभव हासिल कर उत्तराखंड की चाय उद्योग को नई दिशा देना है।

दौरे के दौरान मंत्री गणेश जोशी असम के प्रमुख चाय बागानों का निरीक्षण करेंगे। वे वहां की उत्पादन क्षमता, प्रसंस्करण तकनीक और विपणन प्रणाली का गहराई से अध्ययन करेंगे। इसके साथ ही वे स्थानीय चाय उत्पादकों, निर्यातकों और विशेषज्ञों के साथ बैठक कर उत्तराखंड में चाय की गुणवत्ता सुधारने और बाजार विस्तार के उपायों पर चर्चा करेंगे।

मंत्री आधुनिक चाय फैक्ट्रियों का भी दौरा करेंगे, जहां वे नवीनतम तकनीकों और उत्पादन प्रक्रियाओं को करीब से समझेंगे। इस दौरान फैक्ट्री मालिकों और विशेषज्ञों के साथ संवाद कर उत्तराखंड में तकनीकी उन्नयन की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, सल्ट विधायक महेश जीना, चाय बोर्ड के उपाध्यक्ष महेश्वर सिंह महरा, कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय, चाय विकास बोर्ड के निदेशक महेंद्र पाल और चाय उत्पादक किसान बसंत जोशी भी शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि इस अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभव और सुझावों के आधार पर उत्तराखंड में चाय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, किसानों को बेहतर बाजार और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

यह पहल राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---