हल्द्वानी मार्ग पर टांडा जंगल के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। स्कूटी और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान जसपुर निवासी 20 वर्षीय अनिकेत, हरिद्वार निवासी 22 वर्षीय रोहन और उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी 24 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। तीनों युवक सिडकुल स्थित अशोका लीलैंड कंपनी में कार्यरत थे और आपस में दोस्त थे।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए हल्द्वानी गए थे। रात में जब वे वापस रुद्रपुर लौटे, तब उन्हें पता चला कि उनका एक मोबाइल फोन हल्द्वानी में ही छूट गया है। इसी कारण वे देर रात करीब 12 बजे दोबारा स्कूटी से हल्द्वानी के लिए निकल पड़े।
बताया जा रहा है कि जब उनकी स्कूटी संजय वन क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर आगे टांडा जंगल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस और सिडकुल चौकी टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो कार भी हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन उसमें सवार लोग एयरबैग खुलने के कारण गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।








