---Advertisement---

सरकार की चुप्पी पर भड़के नर्सिंग अभ्यर्थी, अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

सुबह सूचना।
देहरादून। राजधानी देहरादून में नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले चल रहा नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना रविवार को 135वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठा रहे अभ्यर्थियों ने अब सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में अभ्यर्थियों ने आज से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया।

धरना स्थल पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और समर्थक जुटे, जिससे आंदोलन को प्रदेशभर से व्यापक समर्थन मिलता नजर आया। अभ्यर्थियों का कहना है कि कई बार अपनी मांगों को शांतिपूर्ण ढंग से रखने के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है, जिससे उनमें नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

आमरण अनशन पर बैठने वालों में मंच की उपाध्यक्ष सरिता जोशी (निवासी डोभाल चौक) और प्रदेश प्रवक्ता स्तुति सती (निवासी नेहरू ग्राम) शामिल हैं। दोनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।

धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह उदासीनता युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है, जिससे कई योग्य उम्मीदवार रोजगार से वंचित हैं। वहीं, कई अभ्यर्थी आयु सीमा पार करने के कगार पर पहुंच चुके हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से जल्द वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की है।

इस बीच, धरना स्थल पर माहौल गंभीर बना हुआ है और सभी की निगाहें अब सरकार की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---