देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे का अंतिम दिन संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण और संदेशपूर्ण रहा। उन्होंने दिन की शुरुआत देहरादून स्थित प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के साथ की। इसके बाद उन्होंने गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ संख्या 141 के अध्यक्ष किशोर कुमार के घर पहुंचकर कार्यकर्ताओं के बीच एक मजबूत संदेश देने का प्रयास किया।
बूथ अध्यक्ष के आवास पर नितिन नबीन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद लिया और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। भाजपा अध्यक्ष का एक साधारण कार्यकर्ता के घर पहुंचना संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अहमियत को दर्शाने वाला कदम माना जा रहा है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।
इसके बाद नितिन नबीन ने प्रबुद्ध जन सम्मेलन और युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। युवा संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीति हो या जीवन का कोई भी क्षेत्र, सफलता उसी को मिलती है जो लंबे समय तक मैदान में टिककर मेहनत करता है। उन्होंने युवाओं से धैर्य, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।
नबीन ने भारत की शिक्षा व्यवस्था को अधिक रोजगारपरक बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि देश को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है।
अपने प्रवास के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें भी कीं। उन्होंने संगठन की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि पार्टी के आंतरिक मतभेद सोशल मीडिया पर नहीं, बल्कि संगठनात्मक मंचों पर सुलझाए जाने चाहिए। उन्होंने अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नेताओं को जनता के बीच अधिक सक्रिय रहने की सलाह दी।
भाजपा की पिछली चुनावी हार वाली 23 विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करते हुए नितिन नबीन ने सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी है। इन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सकता है।








