---Advertisement---

अमेरिका-ईरान समझौते के बाद नया मोड़, होर्मुज खुलते ही बढ़ी जहाजों की आवाजाही

अमेरिका और ईरान के बीच हालिया समझौते के बाद प्रस्तावित तकनीकी वार्ता को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस गुरुवार देर रात स्विट्जरलैंड के लिए रवाना नहीं हुए। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ईरान के साथ आगे की बातचीत के लिए तकनीकी स्तर पर चर्चा की रूपरेखा अभी अंतिम रूप नहीं ले सकी है।

रिपोर्टों के अनुसार, पेरिस में अमेरिकी और ईरानी नेतृत्व के बीच शांति समझौते के 14 बिंदुओं पर हस्ताक्षर के बाद दोनों देशों के बीच संवाद की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी चल रही है। हालांकि जेडी वेंस की प्रस्तावित यात्रा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने बताया कि उपराष्ट्रपति पहले ही संकेत दे चुके थे कि तकनीकी वार्ता की तिथि और प्रारूप अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन दोनों पक्ष बातचीत जारी रखने के पक्षधर हैं।

इस बीच, समझौते के बाद मध्य पूर्व में तनाव कम होने के संकेत मिले हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों और वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही सामान्य हो गई है और इसमें तेजी भी दर्ज की गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी हटाने की जानकारी दी है, जबकि तेहरान ने कहा है कि होर्मुज से गुजरने वाले व्यावसायिक जहाजों को अनुमति जारी करने की जिम्मेदारी उसकी ‘पर्सियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी’ को सौंप दी गई है।

उधर, ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को समझौते की प्रमुख शर्तों और आगामी वार्ताओं की संभावित रूपरेखा से अवगत कराया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीनेट और हाउस की विदेश मामलों से जुड़ी समितियों के प्रमुख सदस्यों के साथ बातचीत कर उनके सवालों के जवाब भी दिए। क्षेत्रीय सुरक्षा, परमाणु कार्यक्रम और मध्य पूर्व की बदलती परिस्थितियों पर अब दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।

 

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---