---Advertisement---

रामगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी मुहिम, हजारों लोगों ने ली नशामुक्त समाज की शपथ

रामगढ़। जिले में नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से बुधवार को जिले के सभी प्रखंडों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैलियों और शपथ ग्रहण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों, ग्राम संगठन (वीओ) की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड प्रतिनिधियों और अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रैली के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया।

प्रतिभागियों ने ग्रामीणों को बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंधों और समाज के समग्र विकास पर भी नकारात्मक असर डालती है। जागरूकता अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समुदाय को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान दें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा अपने गांव और समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव से मुक्त रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही यह भी आह्वान किया गया कि यदि कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना संबंधित विभागों और प्रशासन को अवश्य दें।

जिला प्रशासन का मानना है कि केवल कानून के सहारे नशे की समस्या पर पूर्ण नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। नशा मुक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में सकारात्मक सोच विकसित करना और एक स्वस्थ, सुरक्षित तथा जागरूक समाज की स्थापना करना है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---