---Advertisement---

देहरादून में NCC कैंप की धूम, 400 कैडेट्स सीख रहे सैन्य प्रशिक्षण

देहरादून स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) इन दिनों एनसीसी गतिविधियों का बड़ा केंद्र बना हुआ है। यहां आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण शिविर में उत्तराखंड के विभिन्न स्कूलों और बटालियनों से आए करीब 400 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। यह विशेष शिविर 3 जून तक चलेगा और इसका संचालन 29 यूके बटालियन एनसीसी, देहरादून के तहत किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन लेफ्टिनेंट कर्नल भूपेंद्र सिंह उज्ज्वल और ब्रिगेडियर विकास ढींगरा ने किया।

कैंप के उद्घाटन अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल भूपेंद्र सिंह उज्ज्वल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन और मेहनत बेहद जरूरी है, और एनसीसी युवाओं को यही सीख देता है।

विशेष अतिथि ब्रिगेडियर विकास ढींगरा ने भी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया और कहा कि एनसीसी के माध्यम से छात्र न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।

इस अवसर पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर छात्रों में देशभक्ति, टीम भावना और नेतृत्व कौशल को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं।

शिविर में 29 यूके बटालियन एनसीसी के पीआई स्टाफ द्वारा कैडेट्स को सैन्य विषयों की गहन ट्रेनिंग दी जा रही है। प्रशिक्षण में मैप रीडिंग, ऑब्स्टिकल ट्रेनिंग, फील्ड क्राफ्ट-बैटल क्राफ्ट, फायरिंग, हेल्थ एंड हाइजीन और टेंट पिचिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। कैडेट्स को सेना की कार्यशैली और कठिन परिस्थितियों में काम करने के तरीके भी सिखाए जा रहे हैं।

इस शिविर में डी-9 कैटेगरी सीएटीसी के तहत 10 से अधिक स्कूलों के 127 कैडेट्स शामिल हैं, जबकि डी-9 यूटीसी/टीएसी श्रेणी में 273 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न एनसीसी बटालियनों के कैडेट्स की मौजूदगी से शिविर में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना हुआ है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---