---Advertisement---

चारधाम यात्रा के पहले दिन ही फेल हुई हेलीकॉप्टर सेवा, यात्रियों का गुस्सा बढ़ा

रूद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। पहले ही दिन केदारनाथ धाम के लिए संचालित हेलीकॉप्टर सेवा चरमरा गई, जिससे बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, कई श्रद्धालुओं ने महीनों पहले ही हेलीकॉप्टर से केदारनाथ जाने के लिए अग्रिम बुकिंग कराई थी। लेकिन यात्रा के दिन अचानक सेवाएं रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि हेलीकॉप्टर प्रबंधन की ओर से देर शाम तक भी कोई स्पष्ट या संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

यात्रियों का आरोप है कि उन्हें जिन स्थानों पर ठहराया गया, वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही पानी की, जिससे हालात और भी कठिन हो गए हैं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु इस अव्यवस्था के कारण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के चलते वीआईपी मूवमेंट अधिक होने के कारण सामान्य यात्रियों की उड़ानों पर असर पड़ा है। यही वजह बताई जा रही है कि कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

हालांकि जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने का दावा किया है। प्रशासन का कहना है कि हेलीकॉप्टर कंपनियों के साथ लगातार बातचीत की जा रही है, ताकि यात्रियों को जल्द राहत मिल सके और उनकी यात्रा सुचारु रूप से पूरी हो।

फिलहाल, यात्रा के पहले ही दिन सामने आई इस अव्यवस्था ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में हालात सुधरते हैं या यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ती हैं।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---