---Advertisement---

केदारनाथ हेलीकॉप्टर बुकिंग में मिनटों में फुल सीटें, जानिए कैसे हुई इतनी तेज़ बुकिंग

केदार नाथ की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार हेलीकॉप्टर सेवा की ऑनलाइन बुकिंग ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 22 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक की अवधि के लिए हेली शटल सेवा की बुकिंग शुरू होते ही जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। निर्धारित 31,450 सीटों को मात्र 10,855 टिकटों के जरिए पूरी तरह बुक कर लिया गया।

बुकिंग प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रभावशीलता की जांच के लिए उत्तराखंड पर्यटन के टूरिस्ट हेल्पलाइन कॉल सेंटर द्वारा 565 रैंडम कॉल्स किए गए। इस दौरान यह सामने आया कि बुकिंग में इस्तेमाल हुए 10,859 मोबाइल नंबरों में से करीब 4,400 नंबर वास्तविक यात्रियों से मेल खाते हैं। आंकड़ों के अनुसार लगभग 51 प्रतिशत यात्रियों ने खुद बुकिंग की, जबकि 49 प्रतिशत बुकिंग अन्य माध्यमों से कराई गई।

बुकिंग के समय का विश्लेषण भी दिलचस्प रहा। पहली टिकट शाम 6:02 बजे बुक हुई, जबकि आखिरी टिकट 7:28 बजे तक जारी हुई। सबसे ज्यादा बुकिंग का दबाव शाम 6:10 से 6:32 बजे के बीच रहा। खासकर 6:10 बजे अकेले 849 बुकिंग दर्ज की गईं, जो सिस्टम पर भारी ट्रैफिक को दर्शाता है।

राज्यवार आंकड़ों में महाराष्ट्र सबसे आगे रहा, जहां से 1,708 बुकिंग हुईं। इसके बाद उत्तर प्रदेश (1,243), दिल्ली (867), तेलंगाना (864), कर्नाटक (801) और गुजरात (700) के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में टिकट बुक कराए।

बुकिंग प्रक्रिया को नियंत्रित रखने के लिए कुछ नियम भी तय किए गए थे। एक यूज़र अधिकतम 2 बुकिंग और कुल 12 सीटें ही बुक कर सकता था। एक IP एड्रेस से अधिकतम 5 यूज़र ID का उपयोग किया जा सकता है, जबकि एक बुकिंग में अधिकतम 6 यात्रियों को शामिल करने की अनुमति दी गई।

वहीं अब तक 510 बुकिंग ID के जरिए 913 सीटों के कैंसलेशन भी दर्ज किए गए हैं, जिससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को राहत मिलने की संभावना है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---