---Advertisement---

रामगढ़ सदर अस्पताल में बढ़ेंगी 250 बेड की सुविधाएं, ACS के दौरे में हुआ बड़ा खुलासा

 रामगढ़। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने रामगढ़ जिले का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रॉमा सेंटर, सदर अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय का दौरा कर स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन किया तथा अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत कांकेबार स्थित ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण से हुई। अपर मुख्य सचिव ने यहां उपलब्ध चिकित्सा उपकरणों, आपातकालीन सेवाओं और सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर के मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने के निर्देश देते हुए भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण की संभावनाओं पर भी चर्चा की। अधिकारियों और अभियंताओं को तकनीकी परीक्षण कर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।

इसके बाद उन्होंने सदर अस्पताल रामगढ़ का विस्तृत निरीक्षण किया। गायनेकोलॉजी, ईएनटी, नेत्र रोग और डेंटल ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का जायजा लेते हुए मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और मरीजों की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

निरीक्षण के दौरान ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू, डायलिसिस सेंटर, डॉक्टर क्वार्टर और स्टाफ क्वार्टर की भी जांच की गई। पुराने आवासीय भवनों को हटाकर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मंजिला आवासीय परिसर विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले नए भवन के निर्माण को लेकर हुई समीक्षा रही। उपायुक्त ऋतुराज के साथ हुई बैठक में बताया गया कि यह भवन जी+6 मॉडल पर विकसित किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने और सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है और नई सुविधाओं के विकसित होने से रामगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---