देहरादून स्थित गुरु राम दास इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के लिए आज का दिन बड़ी उपलब्धियों के नाम रहा। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में संस्थान के 37 मेधावी छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में राज्यपाल द्वारा इन विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों में उत्कृष्टता के लिए पदक प्रदान किए गए।
इस उपलब्धि में सबसे खास रहा एम.फार्मा कोर्स, जिसमें संस्थान के विद्यार्थियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज तीनों पदकों पर कब्जा जमाया। एकादशी सेमवाल ने गोल्ड मेडल, कुमारी अंकिता ने सिल्वर मेडल और श्रया रंजन ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया। वहीं बी.टेक सिविल इंजीनियरिंग में हरविंदर सिंह ने लगातार दूसरे वर्ष सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इसके अलावा 33 अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत को दर्शाती है।
संस्थान के चेयरमैन सरदार इंदरजीत सिंह ओबेराय ने इस सफलता का श्रेय छात्रों के समर्पण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल और अनुभवी संकाय का परिणाम है।
वहीं महानिदेशक डॉ. पंकज चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षकगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








