देहरादून। मनवीर सिंह चौहान ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा वोटर लिस्ट की एसआईआर प्रक्रिया को सही ठहराए जाने के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती की बड़ी जीत बताया।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले ने विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और दुष्प्रचार पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर देश में भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अदालत के फैसले ने सारी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
चौहान ने कहा कि कोर्ट ने अपने फैसले में साफ कर दिया है कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने के लिए जो कदम उठाए, वे पूरी तरह संवैधानिक और नियमों के अनुरूप थे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय चुनाव आयोग की स्वायत्तता और निष्पक्ष कार्यप्रणाली को मजबूत करने वाला है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल लगातार यह नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे थे कि वोटर लिस्ट से नाम हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, जबकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने ऐसे सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।
भाजपा नेता ने कहा कि यह फैसला उन लोगों के लिए भी बड़ा संदेश है, जो संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ झूठ और भ्रम फैलाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब समझ चुकी है कि राजनीतिक लाभ के लिए किस तरह गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जाती है।
चौहान ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की ताकत उसकी पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और मजबूत संवैधानिक संस्थाएं हैं। ऐसे में सुप्रीम Court का यह फैसला लोकतंत्र में जनता के विश्वास को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में खड़ी रही है और आगे भी संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।








