---Advertisement---

हरिद्वार में RSS का बड़ा प्रशिक्षण शिविर शुरू, 13 जिलों से पहुंचेंगे 385 स्वयंसेवक

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तराखंड प्रांत का 20 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग गुरुवार से हरिद्वार में शुरू होने जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग सरस्वती विद्या मंदिर बीएचईएल परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्य के 13 जिलों से 385 स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। वर्ग के सफल आयोजन के लिए बुधवार को विद्यालय परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, पूजन और यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस दौरान प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र और वर्ग के सर्वाधिकारी प्रवीण मौजूद रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने यज्ञ संपन्न कराया, जिसमें वर्ग के शिक्षक और व्यवस्था टोली के कार्यकर्ताओं ने आहुतियां दीं।

संघ शिक्षा वर्ग से पहले स्वयंसेवकों ने 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। “संघशक्ति कलयुगे” और “विश्व हिंदू विजयते” के उद्घोषों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा।

प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व निर्माण की प्रयोगशाला है। यहां 20 दिनों तक अनुशासित दिनचर्या, राष्ट्र चिंतन और सामाजिक दायित्वों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर उत्तराखंड से 5,000 प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है और यह वर्ग उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वर्ग कार्यवाह रमेश कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग पूरी तरह आवासीय होगा और इसमें मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिदिन सुबह 4:30 बजे जागरण से लेकर रात 10:30 बजे तक निर्धारित दिनचर्या का पालन कराया जाएगा।

प्रशिक्षण में दंड, नियुद्ध, योग, खेल, घोष और शारीरिक अभ्यास के साथ-साथ बौद्धिक सत्र भी आयोजित होंगे। इन सत्रों में संघ विचार, भारतीय इतिहास, सामाजिक समरसता और पंच परिवर्तन जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। वर्ग का समापन 16 जून को होगा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---