---Advertisement---

दून अस्पताल में बड़ी बैठक—मेडिकल कॉलेजों को लेकर क्या बड़े फैसले हुए?

देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने Doon Hospital में राज्य के सात सरकारी मेडिकल कॉलेजों और State Cancer Institute Haldwani के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस मैराथन बैठक में सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य, निदेशक और चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय आर्या मौजूद रहे।

बैठक के दौरान राज्य कैंसर संस्थान, हल्द्वानी के निदेशक डॉ. पांडे ने संस्थान की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

सबसे प्रमुख निर्णयों में राज्य कैंसर संस्थान में जल्द ही इंडोर सेवाएं शुरू करने की घोषणा शामिल है। इसके अलावा हरिद्वार मेडिकल कॉलेज में अगले 15 दिनों के भीतर नियमित ओपीडी सेवाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में इसी महीने कैथ लैब शुरू करने की तैयारी भी तेज कर दी गई है।

सरकार ने अल्मोड़ा और हल्द्वानी में स्थापित कैथ लैब के सुचारू संचालन के लिए कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं, मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की भारी कमी पर भी चिंता जताई गई। पर्वतीय क्षेत्रों में लगभग 70 प्रतिशत और देहरादून में करीब 40 प्रतिशत पद खाली हैं, जिसके समाधान के लिए नई नीति बनाने पर विचार किया जा रहा है।

बैठक में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के वेतन में वृद्धि का भी निर्णय लिया गया, जिसे उत्तर प्रदेश की तर्ज पर लागू किया जाएगा। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों को फैकल्टी के रूप में समायोजित कर इसी सत्र से एमबीबीएस कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल विकसित करने और पर्वतीय क्षेत्रों में समयबद्ध सेवा नीति लागू करने पर जोर दिया गया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को दूर-दराज इलाकों तक मजबूत किया जा सके।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---