देहरादून। Selakui International School में आयोजित दसवां अखिल भारतीय अंतर-विद्यालय टेनिस टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 30 अप्रैल से 2 मई 2026 तक चले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों के युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में The Doon School, Welham Girls School, वैंटेज हॉल गर्ल्स रेजिडेंशियल स्कूल, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, कसीगा स्कूल, यूनिसन वर्ल्ड स्कूल और मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल सहित कुल आठ विद्यालयों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को बढ़ावा देना रहा।
अंडर-14 बालिका वर्ग में वेलहम गर्ल्स स्कूल की अदीबा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में कड़ा मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल की वरिंदा विट्टायाकोर्न को 5–3, 1–4, 10–8 से हराया। वहीं, अंडर-19 बालिका वर्ग में वेलहम गर्ल्स स्कूल की जिनीषा मोदी ने वैंटेज हॉल की सायरा निदान को 6–0, 6–0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।
बालक वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-14 में Welham Boys School के वेदांत ने अपने ही स्कूल के रेयांश को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब जीता। मैच का स्कोर 4–0, 1–4, 5–4 (4) रहा।
अंडर-19 बालक वर्ग में Durga Public School के यथार्थ वाधेरा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के नवीन विट्टायाकोर्न को 6–0, 6–1 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
इस टूर्नामेंट के माध्यम से न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, बल्कि खेल के प्रति अनुशासन, समर्पण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा मिला। आयोजन ने एक दशक की सफल यात्रा पूरी करते हुए खेल जगत में अपनी विशेष पहचान बनाई है।








