---Advertisement---

रामगढ़ में राजस्व शिविर का असर, पहले ही दिन निपटने लगे वर्षों से अटके दाखिल-खारिज मामले

रामगढ़। जिले में लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन के उद्देश्य से 18 से 20 जून तक आयोजित विशेष राजस्व शिविर के पहले दिन गुरुवार को दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों के निस्तारण पर विशेष फोकस किया गया। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिले के सभी अंचल मुख्यालयों में आयोजित इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में रैयत और आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।

शिविर के पहले दिन 30 दिनों से लेकर 90 दिनों से अधिक समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आपत्तियुक्त और आपत्तिरहित दोनों प्रकार के मामलों की जांच करते हुए राजस्व अभिलेखों का सत्यापन किया और त्वरित सुनवाई कर कई मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया। जिन मामलों में आपत्तियां दर्ज थीं, उनमें संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन की ओर से शिविर के सफल संचालन के लिए सभी अंचल कार्यालयों में विशेष व्यवस्था की गई थी। नागरिकों की सुविधा के लिए सहायता काउंटर, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। वहीं नामित पर्यवेक्षण पदाधिकारी लगातार शिविर की निगरानी करते रहे और निष्पादन कार्यों की समीक्षा करते रहे।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगामी दो दिनों तक भी राजस्व मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान सरल, पारदर्शी और त्वरित तरीके से करना है।

प्रशासन ने बताया कि विशेष शिविर के दूसरे दिन 19 जून को पंजी-2 में सुधार और लगान रसीद से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा, जबकि 20 जून को अन्य राजस्व मामलों का समाधान किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी रैयतों और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित अंचल मुख्यालय पहुंचकर इस विशेष शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---