---Advertisement---

रॉन्ग साइड की एक गलती बनी जानलेवा, NH-33 पर दर्दनाक हादसे के बाद मचा बवाल

 कुजू। रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-33 फोरलेन सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

मृतक की पहचान पैंकी निवासी कुश कुमार महतो (27) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुश कुमार महतो अपनी बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए दामोदर पुल के उस पार स्थित पेट्रोल पंप जा रहे थे। इसी दौरान वह कथित रूप से रॉन्ग साइड से सड़क पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही बुलेट बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कुजू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर जांच शुरू कर दी।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप लोगों ने मृतक के शव को स्वर्गीय जगदेव महतो की प्रतिमा के समीप रखकर बुढ़ाखाप स्थित एनएच-33 फोरलेन सड़क जाम कर दी। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

बाद में प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया तथा सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात को सामान्य किया गया।

घटनास्थल पर सब-इंस्पेक्टर आशीष कुमार, गौतम, संजय हेंब्रम, अभिनव कुमार, प्रदीप कुमार, एएसआई रवि नारायण शर्मा सहित पुलिस बल के कई जवान मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---