रुद्रपुर। शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल गंगापुर रोड अब रात के समय पूरी तरह रोशनी से जगमगाएगा। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही मांग को पूरा करते हुए नगर निगम ने खेड़ा से गंगापुर स्थित पानी वाले मंदिर तक 240 नई स्ट्रीट लाइटें स्थापित कर दी हैं। बुधवार शाम महापौर विकास शर्मा ने बटन दबाकर इन स्ट्रीट लाइटों का विधिवत शुभारंभ किया, जिसके बाद पूरे मार्ग पर दूधिया रोशनी फैल गई।
स्ट्रीट लाइट परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने महापौर का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में आवागमन करने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई स्ट्रीट लाइटों के लगने से अब सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार होगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की सीमा तक पूरे गंगापुर रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, सफाई और जल निकासी के साथ-साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी नागरिक सुविधाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
महापौर ने कहा कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भूरारानी मार्ग पर भी व्यापक स्तर पर स्ट्रीट लाइटें लगाकर क्षेत्र को रोशन किया गया था। नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय तोमर, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, राजन राठौर, अजय चड्ढा, पार्षद विष्णु, उमेश पंत, सक्षम छाबड़ा, बिलाल, आदिल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी इसी तरह विकास कार्यों की गति बनी रहेगी।







