---Advertisement---

कुमाऊं दौरे पर धन सिंह रावत, कॉलेजों में करेंगे लोकार्पण और संस्थानों का औचक निरीक्षण

 देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं अल्मोड़ा जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत दो दिवसीय कुमाऊं मंडल दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अल्मोड़ा जिले में उच्च शिक्षा, आधारभूत ढांचे और जनकल्याण से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों, तकनीकी शिक्षण केंद्रों और सहकारी समितियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लेंगे।

डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 11 और 12 जून को प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वह राजकीय महाविद्यालय तल्ला-सल्ट और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। रानीखेत महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि तल्ला-सल्ट महाविद्यालय में नवनिर्मित अकादमिक भवन को छात्रों और शिक्षकों को समर्पित किया जाएगा।

दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री केंद्र सरकार के विकास, विश्वास और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।

डॉ. रावत ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा संस्थानों को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में नए भवनों और आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।

कुमाऊं दौरे से पहले अपने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के तीन दिवसीय भ्रमण के अंतिम दिन डॉ. रावत ने डुमणीकोट और पाटों क्षेत्र में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने 2.30 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गणतखाल-कठुखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया तथा 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले देवराड़ी खेल मैदान का शिलान्यास भी किया।

इसके अलावा बूंगीधार में आयोजित बैठक में विनसर महादेव मंदिर की भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। कैबिनेट मंत्री का यह दौरा विकास कार्यों की समीक्षा, शिक्षा क्षेत्र को मजबूती और जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---