---Advertisement---

देहरादून में कूड़ा प्रबंधन पर डीएम का बड़ा एक्शन, अब हर डंपिंग पॉइंट पर होगी नजर

 देहरादून। जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कूड़ा प्रबंधन को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को एनआईसी सभागार, कलेक्ट्रेट से नगर निगम, नगर निकायों और कैंटोन्मेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर कूड़ा उठान और निस्तारण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना तैयार कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को केवल बैठकों और कागजी समीक्षा तक सीमित न रहने की सलाह देते हुए स्वयं फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर की चुनौतियों को समझकर ही प्रभावी और स्थायी समाधान तैयार किए जा सकते हैं।

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि अब कूड़ा संग्रहण, उठान और निस्तारण की गतिविधियों की माइक्रो स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी निकायों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे स्थानों की पहचान करें, जहां नियमित रूप से कूड़ा डंप किया जाता है, और उन स्थलों के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना बनाकर अमल में लाएं।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, जिला पंचायत और कैंटोन्मेंट बोर्डों को कूड़ा संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया गया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक सिग्नल, साइन बोर्ड, सड़क, नाली, कूड़ा या अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की फोटो और लोकेशन सहित जानकारी डीआईपीआर देहरादून के फेसबुक पेज पर साझा की जा सकती है। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन का मानना है कि प्रशासन और जनता की साझेदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ देहरादून का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---