देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल, पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। जनपद देहरादून के 116 परीक्षा केंद्रों पर कुल 46,350 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।
परीक्षा की निगरानी के लिए पूरे जनपद को विभिन्न जोनों में विभाजित किया गया है। इसके तहत 11 जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी केंद्रों को सैनिटाइज करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि परीक्षा एकल पाली में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट विकासनगर, ऋषिकेश और डोईवाला के लिए सुबह 6 बजे तथा देहरादून के केंद्रों के लिए सुबह 7 बजे कोषागार के डबल लॉकर से जारी किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और परीक्षा निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।








