---Advertisement---

‘12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में गिनाई गई मोदी सरकार की उपलब्धियां, महिलाओं को भी मिला खास लाभ

 रामगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रामगढ़ जिले के बोंगाबर स्थित जेपी रेस्टोरेंट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा रामगढ़ जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को जनसेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवा उत्थान और आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। इन योजनाओं का लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

जगेश्वर प्रजापति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, बुनियादी ढांचे के विस्तार और वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इन योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का काम किया है।

इस अवसर पर महिलाओं के बीच खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया। साथ ही उन्हें केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सरकार की योजनाओं के प्रति रुचि दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति का जन्मदिन भी मनाया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और उल्लास से भरा रहा।

इस अवसर पर निरेंद्र श्रीवास्तव, परमेश्वर केसरी, आशा देवी, शांति देवी, कौशल्या देवी, मनसरी देवी सहित सैकड़ों महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---