रामगढ़। डॉ. एस. राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सुकरीगढ़ा, लारी रामगढ़ के सम्मेलन कक्ष में शुक्रवार को बीएड सत्र 2024-26 के प्रशिक्षुओं द्वारा शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की रचनात्मकता, शिक्षण कौशल और नवाचार देखने को मिला। प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों से संबंधित आकर्षक एवं उपयोगी शिक्षण सामग्री प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर अतिथियों ने प्रशिक्षुओं की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. एस. राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पीएम श्री अपग्रेडेड हाई स्कूल मनुआ मांडू, रामगढ़ के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. संजय प्रभाकर, प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार उपाध्याय तथा अन्य शिक्षक मौजूद थे।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए प्राचार्य डॉ. सुशील कुमार उपाध्याय ने शिक्षण अधिगम सामग्री की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टीएलएम विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
महाविद्यालय के सचिव डॉ. संजय प्रभाकर ने कहा कि छोटी-छोटी चीजों को सीखकर और रचनात्मक सोच विकसित कर प्रशिक्षु एक आदर्श शिक्षक बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षण केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यवहारिक और रचनात्मक तरीकों से भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दी जा सकती है।
मुख्य अतिथि सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता ने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षुओं से प्रश्नोत्तर किया और कहा कि खेल-खेल में सीखने की पद्धति बच्चों के मानसिक विकास में सहायक होती है। उन्होंने कचरे की वस्तुओं से उपयोगी शिक्षण सामग्री तैयार करने की भी सराहना की।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वीटी कुमारी को प्रथम, आरती कुमारी को द्वितीय, यशोदा कुमारी को तृतीय, खुशबू भगत को चतुर्थ और सागेन कुमारी को पंचम स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन नयन कुमार मिश्रा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अशोक राम ने किया।








