---Advertisement---

उत्तरकाशी में घर बना आग का गोला, गाय-बछड़े की जिंदा जलकर मौत

उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी क्षेत्र स्थित गौरसाली गांव में शुक्रवार सुबह भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। गांव के एक आवासीय भवन में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक हादसे में एक गाय और एक बछड़े की भी जलकर मौत हो गई। हालांकि समय रहते एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी भटवाड़ी ने एसडीआरएफ को अलर्ट किया। इसके बाद उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने गांव पहुंचकर स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और फायर सर्विस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से राहत एवं अग्निशमन अभियान चलाया।

जब तक राहत दल मौके पर पहुंचा, तब तक ग्रामीण अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। आग की लपटें लगातार बढ़ रही थीं और आसपास के घरों तक पहुंचने का खतरा बना हुआ था। एसडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो आग पूरे गांव के लिए बड़ा खतरा बन सकती थी।

अग्निकांड में प्रभावित मकान ग्राम गौरसाली निवासी देवेंद्र सिंह रावत पुत्र तारा चंद्र रावत का बताया गया है। आग से घर में रखा फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दुख का माहौल बना रहा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसे में प्रशासन और ग्रामीणों को सतर्क रहने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से नुकसान को कम किया जा सके।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---