देहरादून में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह भर दिया है। गुरुवार देर शाम देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक में आगामी चुनावी रणनीति और बूथ सशक्तिकरण को लेकर व्यापक मंथन शुरू हुआ।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा मुख्यालय तक जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया गया। भाजपा कार्यालय को पार्टी के झंडों और स्वागत बैनरों से सजाया गया था। युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और कई सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और सरकार-संगठन के बेहतर समन्वय पर चर्चा की गई।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश कोर कमेटी, मंत्रिपरिषद, सांसदों, विधायकों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में हिस्सा लेंगे। इन बैठकों में पार्टी के संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति को धार देने पर विशेष फोकस रहेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उनके मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और भाजपा आगामी चुनावों में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, भाजपा का यह मंथन आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।








