सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के खिलाड़ियों ने काशीपुर में आयोजित तीसरी लेजर रन एवं चौथी बाइथल-ट्राइथल स्टेट चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने कुल 9 पदक अपने नाम किए, जिनमें 8 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के बाद स्कूल में खुशी का माहौल है।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 21 से 23 मई तक काशीपुर में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता का आयोजन मॉडर्न पेंटाथलॉन एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा किया गया, जिसमें प्रदेशभर से 150 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में अवनी राणा ने अंडर-17 वर्ग की लेजर रन, बाइथल और ट्रायथल प्रतियोगिताओं में सिल्वर मेडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं आरना चौहान ने अंडर-15 वर्ग की तीनों स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए। रितेश अग्रवाल ने अंडर-17 बाइथल और ट्रायथल में सिल्वर मेडल तथा लेजर रन में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। नम्या महतो ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, हालांकि वह पदक जीतने से थोड़ी दूर रह गईं।
खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अवनी राणा, आरना चौहान और रितेश अग्रवाल का चयन नेशनल बाइथल-ट्राइथल चैंपियनशिप-2026 के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 30 मई से 4 जून तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित विद्यापीठ यूनिवर्सिटी में आयोजित होगी।
बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि अन्य छात्रों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर पर भी खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।








