उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार और सामाजिक संस्थाओं की ओर से लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने इस वर्ष भी चारधाम यात्रियों के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा करवाया है।
शनिवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सतपाल महाराज ने अपनी संस्था “मानव उत्थान सेवा समिति” के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा कराए गए बीमा की प्रीमियम राशि 3 लाख 67 हजार 995 रुपये का चेक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा। इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और भाजपा युवा नेता सुयश रावत भी उपस्थित रहे।
सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से उत्तराखंड पहुंचते हैं। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मानव उत्थान सेवा समिति पिछले कई वर्षों से श्रद्धालुओं के हित में यह बीमा सुविधा उपलब्ध करा रही है और इस वर्ष भी उसी परंपरा को जारी रखा गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से कुल 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा किया गया है। इसके तहत चारों धामों के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा कवर निर्धारित किया गया है। इस योजना का उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में श्रद्धालुओं और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहलें चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।








