देहरादून। Savin Bansal के निर्देशन में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाए जा रहे प्रयास अब जमीन पर असर दिखाने लगे हैं। कर्जन रोड स्थित Gandhi Shatabdi District Hospital में संचालित जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) दिव्यांगजनों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आया है। यहां मिलने वाली सुविधाओं से लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का फायदा आसानी से मिल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल में प्रत्येक बुधवार को दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। इससे दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में काफी सहूलियत मिल रही है। इसके साथ ही डीडीआरसी द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 8791009301 के माध्यम से लोग घर बैठे भी जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी की पहल पर सितंबर 2025 में शुरू किए गए इस केंद्र में अब तक 600 से अधिक यूडीआईडी (यूनिक डिसेबिलिटी आईडी) कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की दिव्यांग बोर्ड ने 600 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए हैं, जबकि 250 प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण भी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2009 से अब तक जनपद में 30 हजार से अधिक दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि डीडीआरसी के संचालन से दिव्यांगजनों को अब अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
दिव्यांग लाभार्थी मनोज बहुगुणा ने बताया कि लंबे समय से यूडीआईडी कार्ड बनवाने में उन्हें परेशानी हो रही थी, लेकिन डीडीआरसी पहुंचने के बाद उनका आवेदन प्रक्रिया पूरी कर कार्ड जारी कर दिया गया। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार का आभार जताया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी Deepankar Ghildiyal ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब तेजी से दिव्यांगजनों तक पहुंचाया जा रहा है।








