संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज मांडर का इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम इस वर्ष बेहद शानदार रहा। तीनों संकायों में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। खासकर कला संकाय का परिणाम सबसे अधिक 99.48 प्रतिशत रहा, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला।
कॉलेज की प्रचार्या सिस्टर मेरी मगदली बागे ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है कि इस वर्ष विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह मेहनत जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
कला संकाय में कुल 392 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 390 छात्र सफल रहे। इस संकाय का कुल पास प्रतिशत 99.48 प्रतिशत दर्ज किया गया। कला संकाय में जहाँ आरा परवीन ने 446 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अमित कुमार 438 अंकों के साथ दूसरे और नजिश परवीन 429 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वाणिज्य संकाय का परिणाम भी शानदार रहा। कुल 90 परीक्षार्थियों में से 88 छात्र सफल हुए और पास प्रतिशत 97.77 प्रतिशत रहा। इस संकाय में मुश्कान कुमारी ने 444 अंक प्राप्त कर टॉप किया। प्रिन्सी शर्मा 431 अंकों के साथ दूसरे तथा दिव्या कुमारी 429 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
विज्ञान संकाय में कुल 225 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 93 छात्र सफल हुए। इस संकाय का पास प्रतिशत 41.33 प्रतिशत रहा। विज्ञान संकाय में सूरज कुमार सिंह ने 440 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। खुशी कुमारी 433 अंकों के साथ दूसरे और अज़लान अन्सारी 426 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।








