---Advertisement---

3.83 करोड़ से बदली चन्दर नगर की सूरत! नाले का भूमिगत कायाकल्प

देहरादून। शहर के राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-20 स्थित चन्दर नगर इलाके में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत चन्दर नगर नाले को भूमिगत कर उसका कायाकल्प किया गया, जिसका लोकार्पण सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने किया।

यह परियोजना करीब 3.83 करोड़ रुपये की लागत से पूरी की गई है। चन्दर नगर नाला रोड पर स्थित पुल से लेकर त्यागी रोड तक नाले को भूमिगत किया गया है, जिससे क्षेत्र में सफाई, यातायात और पर्यावरण की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री सतपाल महाराज ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह कार्य स्थानीय जनता की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक खजान दास की सराहना करते हुए कहा कि वे एक कर्मठ और जनप्रिय नेता हैं, जो लगातार क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाते रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल जल निकासी की समस्या का समाधान होगा, बल्कि क्षेत्र की सौंदर्यीकरण और स्वच्छता में भी सुधार आएगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्य से उन्हें जलभराव और गंदगी से राहत मिलेगी, साथ ही आवागमन भी आसान होगा।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---