---Advertisement---

हरिद्वार में बनेगा ‘ज्ञान का ग्लोबल हब’! CM धामी का बड़ा ऐलान

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने हरिद्वार के ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर संस्थान के समग्र विकास और विस्तार की योजनाओं की समीक्षा की।

बैठक में इस संस्थान को भारतीय ज्ञान परंपरा, प्राचीन विज्ञान, संस्कृति और आधुनिक शोध के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल आस्था और अध्यात्म की भूमि ही नहीं, बल्कि ऋषियों की ज्ञान परंपरा और वैज्ञानिक सोच की भी पहचान है। ऐसे में इस संस्थान को नई पहचान देना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान से जुड़े कार्यों को तेजी से शुरू किया जाए और आगामी कुंभ मेले से पहले इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा जाए। उन्होंने पर्यटन विभाग को इस परियोजना का नोडल विभाग बनाते हुए समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी।

साथ ही प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु को निर्देश दिए गए कि इस परियोजना की नियमित समीक्षा के लिए हर पखवाड़े बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विकास के साथ-साथ विरासत के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य के सभी जनपदों की लोक कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी इस संस्थान से जोड़ा जाएगा।

संस्थान में वैदिक गणित, वेदों में निहित विज्ञान, उपनिषदों का दर्शन, भारतीय तर्कशास्त्र, पर्यावरण विज्ञान और जीवन मूल्यों पर आधारित शोध के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

Related Post

LATEST Post

---Advertisement---