चीन के मध्य क्षेत्र में स्थित हुनान प्रांत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां पटाखा बनाने वाले एक बड़े प्लांट में भीषण विस्फोट हो गया। यह घटना प्रांतीय राजधानी चांग्शा के अंतर्गत आने वाले लियुयांग शहर में सोमवार शाम करीब 4:43 बजे हुई। इस हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
चीनी अधिकारियों के अनुसार, धमाका हुशेंग नामक पटाखा निर्माण और डिस्प्ले कंपनी के प्लांट में हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। करीब 480 से अधिक बचावकर्मियों की पांच टीमें मौके पर भेजी गईं, साथ ही तीन अत्याधुनिक रेस्क्यू रोबोट भी तैनात किए गए।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने प्लांट के आसपास के लगभग 3 किलोमीटर क्षेत्र को खाली करा लिया। दरअसल, विस्फोट स्थल के पास ब्लैक पाउडर के दो गोदाम भी मौजूद थे, जिससे दूसरा धमाका होने का खतरा बना हुआ था। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से बफर जोन तैयार किया गया और इलाके में नमी बनाए रखने जैसे कदम उठाए गए ताकि आग और विस्फोट का खतरा कम किया जा सके।
मंगलवार सुबह तक बचाव दल ने पहले चरण की तलाशी पूरी कर ली थी, जिसमें मृतकों और घायलों की पुष्टि हुई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
इस बीच, चीन के राष्ट्रपति Xi Jinping ने हादसे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए लापता लोगों को जल्द खोजने और घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सरकारी समाचार एजेंसी Xinhua News Agency के अनुसार, कंपनी के जिम्मेदार व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और जांच जारी है।
गौरतलब है कि लियुयांग शहर को दुनिया के सबसे बड़े पटाखा निर्माण केंद्रों में गिना जाता है। हालांकि, यहां पहले भी इस तरह की खतरनाक घटनाएं सामने आती रही हैं, जो सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करती हैं।
–








