देहरादून। राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी निवासी लाल मोहम्मद ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई कि उनके दामाद आरिफ अली ने उनकी बेटी शाहीन बानो की गला घोंटकर हत्या कर दी। शाहीन की शादी वर्ष 2025 में हुई थी और शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते आरोपी ने चुन्नी से गला दबाकर उसकी जान ले ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना सेलाकुई पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 3 मई 2026 को पुलिस को सफलता मिली, जब मुखबिर की सूचना पर आरोपी आरिफ अली को सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा की भयावह सच्चाई को उजागर करती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।








